नक्सलवाद से मुक्ति के बाद पहला राज्योत्सव, मनसुख मंडाविया करेंगे उद्घाटन, समापन में शामिल होंगे अमित शाह
नवा रायपुर में तीन दिवसीय राज्योत्सव के लिए तैयार आयोजन स्थल, 2 नवंबर को होगा वायुसेना का एयर शो।
तीन दिवसीय राज्योत्सव में विकास योजनाओं की प्रदर्शनी और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी आकर्षण; 2 नवंबर को भारतीय वायुसेना का एयर शो, 40 हजार वाहनों की पार्किंग और सुरक्षा के व्यापक इंतजाम
Highlights
- नक्सलवाद से मुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ में पहला राज्योत्सव आयोजित।
- केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे तीन दिवसीय आयोजन का शुभारंभ।
- समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह होंगे शामिल।
- 2 नवंबर को सेंध लेक के ऊपर भारतीय वायुसेना की सारंग और सूर्यकिरण टीम का एयर शो।
- आयोजन स्थल पर 40 हजार वाहनों की पार्किंग, 25 एंबुलेंस और 20 बेड का अस्पताल तैयार।
रायपुर। नक्सलवाद से मुक्ति के बाद छत्तीसगढ़ में पहले राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जा रहा है। राज्य के 26वें स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर में तीन दिवसीय राज्योत्सव का शुभारंभ हो गया है। केंद्रीय मंत्री मनसुख मंडाविया उद्घाटन करेंगे, जबकि समापन समारोह में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह शामिल होंगे। इस बार राज्योत्सव में विकास योजनाओं की प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ भारतीय वायुसेना का एयर शो प्रमुख आकर्षण रहेगा।
विकास योजनाओं और उपलब्धियों की लगेगी प्रदर्शनी
राज्योत्सव स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया है। यहां विभिन्न सरकारी विभागों के मंडप और स्टॉल लगाए गए हैं, जिनमें शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों, राज्य की ऐतिहासिक उपलब्धियों और भविष्य की कार्ययोजनाओं को प्रदर्शित किया जा रहा है। देश के अलग-अलग राज्यों से पहुंचे कुशल कारीगरों ने भी आयोजन स्थल को विशेष रूप दिया है।

40 हजार वाहनों की पार्किंग, छह मार्गों से पहुंचेंगे दर्शक
राज्योत्सव में संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस और जिला प्रशासन ने व्यापक यातायात व्यवस्था की है। शहर से आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए छह अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। परिसर के आसपास करीब 40 हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था की गई है। दर्शकों की आवाजाही आसान बनाने के लिए दो विशाल प्रवेश द्वार बनाए गए हैं।
20 बेड का अस्पताल और 25 एंबुलेंस तैनात
आयोजन स्थल पर नागरिकों की सुविधा के लिए 300 शौचालय बनाए गए हैं। आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था के तहत 20 बेड का अस्पताल, आईसीयू और 25 एंबुलेंस तैनात रहेंगी। इसके अलावा अग्निशमन दल, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, सफाई और रोशनी के इंतजाम किए गए हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विशाल डोम बनाया गया है, जहां करीब 60 बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई गई हैं।
बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियां भी होंगी आकर्षण
तीन दिवसीय राज्योत्सव में बॉलीवुड कलाकार पलक मुच्छाल, स्वस्ति मेहुल और अभिजीत भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ के स्थानीय कलाकारों को भी मंच मिलेगा। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए प्रदेश की लोककला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी।

2 नवंबर को आसमान में दिखेगा वायुसेना का शौर्य
राज्योत्सव का सबसे बड़ा आकर्षण 2 नवंबर को आयोजित होने वाला भारतीय वायुसेना का एयर शो होगा। सेंध लेक क्षेत्र के ऊपर होने वाले इस प्रदर्शन में वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर टीम और सूर्यकिरण एरोबेटिक टीम हिस्सा लेंगी। सारंग टीम के पांच हेलीकॉप्टर रायपुर पहुंचकर अभ्यास कर चुके हैं। वहीं नौ विमानों के जरिए करीब 40 मिनट तक आसमान में आकर्षक फॉर्मेशन और हवाई करतबों का प्रदर्शन किया जाएगा।
नक्सलवाद से मुक्ति के बाद आयोजित इस राज्योत्सव को प्रदेश के विकास, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाले महत्वपूर्ण आयोजन के रूप में देखा जा रहा है।
- दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन, राहुल गांधी बोले- संविधान को नष्ट नहीं होने देंगे

- काशी विश्वनाथ जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी, हादसे में 19 लोग घायल

- भुवनेश्वर में भीषण सड़क हादसा: तेज रफ्तार बस की टक्कर से कार के उड़े परखच्चे, दो महिलाओं की मौत

- Two Groundbreaking State Awards Named After Teejan Bai and Ravidas

1 thought on “नक्सलवाद से मुक्ति के बाद पहला राज्योत्सव, मनसुख मंडाविया करेंगे उद्घाटन, समापन में शामिल होंगे अमित शाह”